भागलपुर मोजाहिदपुर इलाके में पत्नी को जुए में हारने के बाद जबरन सामुहिक दुष्कर्म कराने का मामला सामने आया है। जिससे हड़कंप मच गया है। यही नहीं पीडि़ता का आरोप है कि जब उसने दुष्कर्म का विरोध किया तो आरोपित पति ने उस पर तेजाब उड़ेल दिया। किसी तरह वह घायल हालत में ही जान बचाकर लोदीपुर स्थित अपने मायके भाग गई। स्वजनों ने गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। महिला महादलित है।
बिहार के भागलपुर जिले के मोजाहिदपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला ने अपने पति पर उसे ही जुए में हारने का आरोप लगाया है। जुए में हारने के बाद पति ने अपनी पत्नी को जुए में जीतने वाले अपने दोस्तों को सौंप दिया। इतना ही नहीं शादी के 10 साल हो जाने के बाद भी बच्चा नहीं होने पर उसके साथ मारपीट करने और एसिड पिलाने की कोशिश का भी आरोप पति पर लगाया है।
शनिवार की रात पति ने फिर महिला के साथ मारपीट की जिससे तंग आकर महिला रविवार को अपने मायके लोदीपुर थाना क्षेत्र पहुंची। वहां वह सामाजिक कार्यकर्ता दीपक सिंह के घर जाकर फरियाद करने लगी। उन्होंने एसएसपी को कॉल कर घटना की जानकारी दी। एसएसपी ने महिला का लिखित आवेदन मंगवाया जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला के आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।
28 अक्टूबर को जुआ में पत्नी को हार गया था
महिला का कहना है कि उसका पति जुआरी है। 28 अक्टूबर की रात वह अपने दोस्तों के साथ घर पर ही जुआ खेल रहा था। जब उसके पति का पैसा खत्म हो गया तो उसे ही दांव पर लगा दिया और दोस्तों से उसे भी हार गया। महिला का आरोप है कि जुआ में उसे हारने के बाद उसके पति ने उसे अपने उन दोस्तों के साथ कमरे में बंद कर दिया जिसके बाद उन लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। वे कौन लोग थे इसके बारे में महिला कुछ नहीं बता सकी।
एसिड नहीं पीया तो शरीर पर डाल दिया
महिला का आरोप है कि दो नवंबर को पति उसके साथ मारपीट करने लगा। उसी दौरान पति ने उसे एसिड पिलाने की कोशिश की। जब उसने एसिड पीने से मना कर दिया तो उसने एसिड शरीर पर डाल दिया। उसके बाद ससुराल वाले उसे इलाज के लिए मायगंज ले गये। वहां जाने पर पति ने उसे धमकी दी कि अगर वह एसिड वाली बात किसी से कहेगी तो वह उसे हमेशा के लिए छोड़ देगा। उसके बाद पति ने उसके सामने माफी भी मांगी और हमेशा प्यार से उसे रखने की बात कही जिसके बाद महिला ने एसिड वाली बात पुलिस को नहीं बताई। अस्पताल में बयान दिया कि उसकी ही गलती से ऐसा हो गया था। महिला का कहना है कि वह ठीक होकर अस्पताल से आयी उसके बाद फिर से उसका पति पहले की तरह ही करने लगा।
पुलिस ने महिला के घर पहुंच बयान लिया
महिला के साथ इस तरह की घटना की शिकायत मिलने के बाद एसएसपी ने मोजाहिदपुर इंस्पेक्टर से महिला थाना प्रभारी के समक्ष महिला का बयान लेकर केस दर्ज करने का निर्देश दिया। महिला जीछो स्थित अपने मायके चली गयी थी। मोजाहिदपुर इंस्पेक्टर रविवार की रात महिला थानाध्यक्ष को साथ लेकर महिला के घर जाकर उसका बयान दर्ज कराया और उसके पति को गिरफ्तार कर लिया।
महिला के साथ इस तरह की घटना की शिकायत मिलते ही मैंने थानाध्यक्ष को कार्रवाई का निर्देश दिया। केस का आईओ महिला थाना प्रभारी को बनाया गया है। महिला के पति को गिरफ्तार कर लिया गया है।
- आशीष भारती, एसएसपी
No comments